कोटा जिले के कनवास थाना क्षेत्र के माटुका गांव निवासी राधेश्याम सुमन (36) की टोलियां गांव में खेत पर धान की रौपाई करते समय आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई, वहीं आमलीझाड़ में वन क्षेत्र में बकरियां चरा रहे ओमप्रकाश गुर्जर (37) की मौत हो गई। इसी तरह सतमुया के जंगल में छीतरलाल व चौथमल की 34 बकरियों की मौत हो गई। वहीं, 5 बकरियां घायल हो गई। सतमोया के जंगल में 3 भैंसों की मौत हो गई। झालावाड़ जिले के सिमलखेड़ी गांव में ठाकुरजी मंदिर के शिखर पर बिजली गिरने से छत की पट्टियां टूट गई। मूर्तियां को पहना रखे वस्त्र जलकर खाक हो गए। कुछ मूर्तियां खंडित हो गई। मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया।
कोटा में सुबह मौसम साफ रहा। तेज गर्मी व उमस का जोर बना रहा। दोपहर 1 बजे तक बादल छाए रहे। उसके बाद काली घटाएं छाई और झमाझम हुई। बारिश का दौर आधे घंटे तक चला। उसके बाद कुछ देर रिमझिम बारिश हुई। शाम 4 बजे वापस मौसम खुला और धूप-छांव का दौर चला। शाम 5 बजे वापस तेज गर्जना के साथ बारिश हुई। उसके बाद बादल छाए रहे। बारिश के चलते वातावरण में ठंडक घुल गई। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, 4.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। कोटा जिले के कुंदनपुर क्षेत्र में तेज बरसात से काफी राहत मिली। इससे मुरझाती फसलों को जीवन मिला। केबलनगर क्षेत्र में पौन घंटे मूसलाधार बरसात हुई। अरण्डखेडा, कुराड दीपपुरा बनियानी, कीचलहेडा अरलिया समेत आसपास के गांवों में आधा घंटे तेज बरसात हुई। अयाना क्षेत्र में आधे घंटे तक तेज बारिश हुई।